
दो कारों से 118 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद, ओडिशा से मीरजापुर पहुंचाई जानी थी खेप
सोनभद्र।पुलिस ने ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत गांजा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर बड़ी चोट की है। थाना करमा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो कारों से 118 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये, जबकि दोनों कारों, पांच मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल बरामदगी की कीमत करीब 95 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में देर रात ग्राम करनवाह जाने वाले तिराहे पर चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस को देखकर हिन्दुआरी की ओर से आ रहीं महिंद्रा एक्सयूवी-500 और मारुति ब्रेजा कारों के सवारों ने वापस मुड़ने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी में कारों से टेप में लिपटे पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। साथ ही 8,280 रुपये नकद और पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिले।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वजीत बारिक उर्फ कानू, रविन्द्र नायक और मोहम्मद दानिश आलम के रूप में हुई है। तीनों ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर मीरजापुर जा रहे थे, जहां खेप को अन्य लोगों तक पहुंचाना था। इसके बदले प्रत्येक आरोपी को 15 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया गया था।मामले में थाना करमा पर मुकदमा अपराध संख्या 199/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27A/29/60 में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस तस्करी के स्रोत, संभावित खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।इस कार्रवाई टीम में थाना करमा के प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल, एसओजी प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा सहित दोनों टीमों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।




