
अनपरा, सोनभद्र। ककरी मेला से घर लौट रहे 23 वर्षीय युवक को रास्ते में रोककर मनबढ़ों ने कथित तौर पर कड़ा और डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में युवक का सिर फट गया। पीड़ित की तहरीर पर अनपरा पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अनपरा थाना क्षेत्र के कुड़िया निवासी प्रियांशु सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार की रात करीब 10:40 बजे वह ककरी मेला से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तीन लोगों ने उन्हें रोककर नाम पूछा। अपना नाम बताने पर आरोप है कि तीनों गाली-गलौज करने लगे और कड़ा व डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में उनके सिर में गंभीर चोट आई और सिर फट गया। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।पीड़ित ने अंकित यादव निवासी परासी, लव कुमार कनौजिया निवासी एमएन-17 ककरी कॉलोनी और एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया है। इस संबंध में अनपरा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जी चौबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।



