
625 पेटियों में मिलीं 9,588 शीशी अंग्रेजी शराब, ट्रक समेत 93 लाख का माल बरामद
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन शुद्धि के तहत अंतरराज्यीय शराब तस्करी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई 625 पेटियों में 9,588 शीशी रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब की कीमत करीब 65 लाख रुपये आंकी गई है। ट्रक, कोल्ड ड्रिंक की 1,275 यूनिट और दो मोबाइल फोन समेत कुल बरामदगी की कीमत करीब 93 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, शराब की खेप हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से झारखंड की राजधानी रांची ले जाई जा रही थी। 14-15 अक्तूबर की रात पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क की तरफ संदिग्ध अवस्था में खड़े ट्रक की जांच के दौरान तस्करी का खुलासा हुआ। शराब की बोतलों पर ‘ओनली फॉर पंजाब सेल’ अंकित था। परिवहन संबंधी दस्तावेजों और आरोपियों के बयानों में अंतर मिलने पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर निवासी नसीब चन्द राजपूत और कृष्णपाल राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई कार्रवाई के बाद रॉबर्ट्सगंज थाने में आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस शराब की आपूर्ति के स्रोत, वाहन स्वामी और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।



