
अनपरा, सोनभद्र। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के रेनुपावर डिवीजन, रेनुसागर का स्थापना दिवस गुरुवार को श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कंपनी परिसर स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी प्रांगण में विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन का आयोजन किया गया। वहीं, रेनुपावर डिवीजन और रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त सहयोग से रक्तदान कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ रेनुसागर के यूनिट हेड आरपी सिंह, संचालन प्रमुख मनीष जैन और एचआर प्रमुख आशीष पांडेय ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना एवं हवन कर किया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने संस्थान की निरंतर प्रगति, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थापना दिवस पर पूरे परिसर में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल रहा।
इस अवसर पर यूनिट हेड आरपी सिंह ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थापना दिवस संस्थान की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की नई संभावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने संस्थान की प्रगति में योगदान देने वाले सभी कर्मचारियों के समर्पण और मेहनत की सराहना की।
एचआर प्रमुख आशीष पांडेय और संचालन प्रमुख मनीष जैन ने कहा कि रेनुसागर इकाई ने कार्यकुशलता, तकनीकी दक्षता, समर्पण और टीम भावना के बल पर निरंतर प्रगति की है। उन्होंने सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में बेहतर कार्य करते हुए भविष्य में भी सफलता के नए आयाम स्थापित करने का विश्वास जताया।
स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित रक्तदान कार्यक्रम ने सामाजिक सरोकारों के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया। रेनुसागर इकाई औद्योगिक विकास के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर ईआर प्रमुख मृदुल भारद्वाज, विभु पात्रा, डॉ. मुकुल बृन्दा, समीर आनंद, संजीव श्रीवास्तव, अनिकेत सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन संस्थान की निरंतर उन्नति और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना के साथ हुआ।




