बीना (सोनभद्र)। विजयदशमी के अवसर पर बीना परियोजना में रावण दहन नहीं कराए जाने को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने नाराजगी जताई है। संगठन के बीना प्रखंड अध्यक्ष राहुल शर्मा ने इस संबंध में बीना चौकी प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले से अवगत कराया और रावण दहन नहीं कराए जाने का उचित कारण स्पष्ट करने की मांग की है।विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की ओर से मंगलवार को दिए गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि विजयदशमी के शुभ अवसर पर बीना परियोजना में रावण दहन नहीं कराया गया, जबकि एनसीएल की अन्य परियोजनाओं में रावण दहन का आयोजन किया गया। संगठन ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीना परियोजना में रावण दहन नहीं कराए जाने से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।पत्र में यह भी बताया कि एनसीएल प्रबंधन ने 21 अक्टूबर को रावण दहन करने का आदेश दिया हैं।जो हिंदू पंचांग के अनुसार सुबह सात बजे पंचक काल शुरू हो रहा है। पंचक काल में शुभ कार्य नहीं किये जाते हैं। इसको देखते हुए विजयदशमी पर रावण दहन नहीं कराना और इसके बाद पंचक काल में रावण दहन का आदेश दिया जाना धार्मिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
एनसीएल प्रबंधन के निर्णय पर उठाए सवाल
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने पत्र के माध्यम से बीना परियोजना प्रबंधन के निर्णय पर सवाल उठाते हुए कहा कि अन्य परियोजनाओं में रावण दहन का आयोजन किया गया, लेकिन बीना परियोजना में ऐसा नहीं हुआ। संगठन ने इसे अपनी आस्था और सनातन धर्म की परंपराओं से जुड़ा विषय बताते हुए नाराजगी व्यक्त की है।
चौकी प्रभारी से कारण स्पष्ट कराने की मांग
बीना प्रखंड अध्यक्ष राहुल शर्मा ने चौकी प्रभारी से अनुरोध किया है कि 20 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर बीना परियोजना में रावण दहन नहीं कराए जाने का उचित कारण परियोजना प्रबंधन से पता कर अवगत कराया जाए।
इस प्रकरण को लेकर अब बीना परियोजना प्रबंधन की ओर से क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है, इस पर लोगों की नजरें टिकी हैं। हालांकि, इस संबंध में परियोजना प्रबंधन का पक्ष सामने आने पर ही रावण दहन नहीं कराए जाने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बीना परियोजना में रावण दहन नहीं होने पर विहिप-बजरंग दल ने जताई नाराजगी,चौकी इंचार्ज को सौंपा पत्र

इस खबर को शेयर करें
रिपोर्ट: Umesh Singh · Pratibha Times 24 News



