
ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने डीएम चर्चित गौड़ को सौंपा पत्रक,आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमा स्थापित करने और स्मारक बनवाने की उठाई मांग
सोनभद्र,। देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले आदिवासी नायकों को सम्मान दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। सोनभद्र के बभनी ब्लॉक के दो गांवों में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े आदिवासी नायकों की प्रतिमा स्थापित करने और स्मारक बनवाने की मांग को लेकर ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से मुलाकात कर पत्रक सौंपा। संगठन ने सवाल उठाया कि अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने वाले इन नायकों को आखिर कब उचित सम्मान मिलेगा?
अंग्रेजों से लड़े, जेल गए, फिर भी स्मारक का इंतजार
ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के मुताबिक, बभनी ब्लॉक के घघरा गांव निवासी शनिचर खरवार और चौवना गांव के रामेश्वर खरवार ने स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया था। इस दौरान उन्हें जेल भी जाना पड़ा और अंग्रेजों ने उन पर जुर्माना भी लगाया था। इसके बावजूद उनकी स्मृति को संरक्षित करने और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अब तक स्मारक निर्माण नहीं हो सका है।
संगठन का कहना है कि इन आदिवासी नायकों को सम्मान दिलाने के लिए पहले भी मुख्यमंत्री से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में अब जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर स्मारक निर्माण की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की गई है।
जमीन आवंटन का प्रस्ताव पारित, अब निर्माण की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को बताया कि दोनों गांवों के ग्राम प्रधानों और भूमि प्रबंधन समितियों ने स्मारक निर्माण के लिए जमीन आवंटित करने संबंधी प्रस्ताव पारित कर दिया है। संगठन के अनुसार, इसके बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ाने में कोई विधिक बाधा नहीं है।ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने प्रशासन से स्मारक निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने और दोनों गांवों में जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। संगठन का कहना है कि इन स्मारकों से आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समाज के योगदान और संघर्ष की जानकारी मिल सकेगी।
ग्राम पंचायत के चार लाख रुपये की वसूली का मुद्दा भी उठाया
प्रतिनिधिमंडल ने घघरा ग्राम पंचायत में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला भी उठाया। संगठन ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान और सेक्रेटरी से संबंधित मामले में हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने गबन के चार लाख रुपये की वसूली का आदेश दिया था। संगठन ने मांग की कि वसूली के आदेश को प्रभावी ढंग से लागू कर सरकारी धनराशि की तत्काल रिकवरी कराई जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने दोनों मामलों में प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। पत्रक की एक प्रति सांसद छोटेलाल खरवार को भी भेजी गई है।इस दौरान ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर, जिला प्रवक्ता इंद्रदेव खरवार, घोरावल के संयोजक श्रीकांत सिंह और बभनी के संयोजक देव कुमार खरवार मौजूद रहे।




