डॉ. रवि गोंड बड़कू बोले—शिक्षित वर्ग ने भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ दिया संदेश, आगामी विधानसभा चुनाव में भी बदलाव तय
सोनभद्र। स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम कासी मोड़ पर जश्न मनाया।इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच कार्यकर्ताओं ने जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प जताया।
कार्यक्रम में समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं ओबरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. रवि गोंड बड़कू ने स्नातक एवं शिक्षक मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षित वर्ग ने भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपना विश्वास समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों पर जताया है। उन्होंने कहा कि आगरा, प्रयागराज और लखनऊ समेत विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी को मिले समर्थन तथा प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी खंड से शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव की लगातार दूसरी बार जीत महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश है।उन्होंने कहा कि स्नातक एमएलसी के सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा भी मतगणना के पांचवें चरण तक हजारों मतों से बढ़त बनाए हुए थे। यह परिणाम प्रदेश की राजनीति में बदलाव की संभावनाओं को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी, महंगाई और पेपर लीक जैसी समस्याओं से युवा परेशान हैं। महिलाएं, मजदूर, किसान और नौजवान समेत समाज का हर वर्ग प्रभावित है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को हटाकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए तैयार है।शिक्षित वर्ग ने भाजपा को दिखाया आईना : प्रकाश यादव सपा के जिला प्रवक्ता प्रकाश यादव ने कहा कि शिक्षित वर्ग ने समाजवादी पार्टी पर विश्वास जताकर भाजपा सरकार के विकास संबंधी दावों पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी में अंतर नहीं है और आने वाले समय में जनता भाजपा को हराकर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का काम करेगी।
वहीं, नगर अध्यक्ष मुहम्मद हफीज फूलील ने कहा कि विधान परिषद चुनाव में पार्टी की जीत से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। सभी समाजवादी कार्यकर्ता पूरे जोश और मजबूती के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने को तैयार हैं।इस अवसर पर जिला सचिव भोला नाथ निषाद, गैबी नाथ यादव, प्रेम यादव, फिरोज खान, मनमोहन बैसवार, जुल्फिकार अली, रुद्र यादव, अंजनी यादव, सुशील कुमार श्रीवास्तव, संजय जायसवाल, अक्षय कुमार गुप्ता, आरके यादव पप्पू, लवकुश और राव वीरेंद्र समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विधान परिषद चुनाव में सपा की जीत पर कासी मोड़ पर जश्न, ढोल-नगाड़ों के बीच कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाई

इस खबर को शेयर करें
रिपोर्ट: Umesh Singh · Pratibha Times 24 News



