विद्या भारती के दो दिवसीय आयोजन में भारतीय संस्कृति, वैदिक गणित और योग का दिखेगा अनूठा संगम
सोनभद्र।अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित डॉ. अम्बेडकर सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर के प्रांगण में विद्या भारती, काशी प्रांत की ओर से प्रांतीय संस्कृति महोत्सव एवं वैदिक गणित मेला सत्र 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आयोजन में काशी प्रांत के नौ संकुलों के अंतर्गत आने वाले 12 जिलों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं, वैदिक गणित एवं योग के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा।कार्यक्रम में अनपरा तापीय परियोजना के महाप्रबंधक (प्रशासन) एस.एन. मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन समिति के कार्यकारिणी अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि विद्या भारती, काशी प्रांत के प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।अतिथियों ने कार्यक्रम की प्रस्ताविकी प्रस्तुत करते हुए महोत्सव के उद्देश्यों एवं महत्त्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
भारतीय संस्कृति और वैदिक ज्ञान को बढ़ावा देने की पहल
महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, सांस्कृतिक मूल्यों एवं पारंपरिक ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना है। वैदिक गणित के माध्यम से गणितीय अवधारणाओं को सरल और रोचक बनाने के साथ विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, रचनात्मकता तथा प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अन्य प्रतिभागियों से सीखने का अवसर मिल रहा है।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रबंधक डॉ. आर.एन. सिंह, कोषाध्यक्ष सतीश वर्मा, प्रांतीय योग प्रमुख राजीव कुमार, प्रांतीय वैदिक गणित प्रमुख अवधेश मिश्रा, संस्कृति बोध परियोजना के प्रांत प्रमुख गिरिवर शंकर तथा प्रांत सेवा प्रमुख नरसिंह नारायण उपस्थित रहे।
इसके अलावा डॉ. अम्बेडकर सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य बलवंत सिंह, डॉ. अम्बेडकर सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य सुरेंद्र द्विवेदी तथा अनपरा तापीय परियोजना के अधीक्षण अभियंता चन्द्रमा प्रसाद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।





